उदयवाला क्षेत्र में पिछले करीब 10 वर्षों से बंद पड़ा पानी का ट्यूबवेल अब स्थानीय लोगों के लिए परेशानी की बड़ी वजह बन गया है। कभी इलाके की प्यास बुझाने वाला यह ट्यूबवेल आज नशेड़ियों का अड्डा बन चुका है। स्थानीय निवासियों का कहना है कि शाम ढलते ही यहां असामाजिक तत्वों का जमावड़ा लग जाता है, जिससे महिलाओं, बच्चों और बुजुर्गों का बाहर निकलना मुश्किल हो गया है। लोगों ने बताया कि ट्यूबवेल बंद होने के कारण जहां एक ओर पीने के पानी की भारी किल्लत बनी हुई है, वहीं दूसरी ओर प्रशासन की लापरवाही के चलते यह जगह नशे और अवैध गतिविधियों का केंद्र बनती जा रही है। कई बार संबंधित विभाग और जनप्रतिनिधियों को शिकायतें देने के बावजूद आज तक न तो ट्यूबवेल चालू हुआ और न ही इस स्थान की कोई सुरक्षा व्यवस्था की गई। स्थानीय लोगों ने प्रशासन से मांग की है कि या तो ट्यूबवेल को तुरंत चालू किया जाए ताकि क्षेत्र को पानी की सुविधा मिल सके, या फिर इस स्थान को पूरी तरह से सील कर यहां पुलिस गश्त बढ़ाई जाए, ताकि इलाके को नशे के जाल से बचाया जा सके। लोगों ने चेतावनी दी है कि यदि जल्द कार्रवाई नहीं हुई तो वे मजबूरन आंदोलन का रास्ता अपनाएंगे।