कश्मीर हाट के कॉन्फ्रेंस हॉल में बुधवार को एएमएसएमई की ब्रांडिंग और पैकेजिंग पर कार्यशाला शुरू हुई। 21 से 28 मई तक चलने वाली कार्यशाला में पूरे कश्मीर के पहले दिन करीब 100 हस्तशिल्पियों ने हिस्सा लिया। कार्यशाला में उन्हें पर्यटकों को लुभाने और अपने उत्पाद को सुरक्षित रखने के लिए बेहतर पैकेजिंग और बेचने के लिए ब्रांडिंग के गुर सिखाए गए। इस दौरान प्रश्नोत्तर सत्र भी चला जिसमें शिल्पियों ने कार्यशाला से जुड़े सवाल पूछे और अपनी समस्याएं भी बताईं। बतौर मुख्य अतिथि पहुंचे कश्मीर के डीसी मोहिउद्दीन भट ने कार्यशाला में हस्तशिल्पियों से काम और विपणन के दौरान आने वाली उनकी समस्याएं जानीं और इसके निराकरण के लिए सुझाव भी मांगे। इस दौरान कई शिल्पियों ने अपनी बात रखी। एक शिल्पी ने बेहतर जीविकोपार्जन के लिए सरकार से मदद की उम्मीद लगाई और आय से जुड़े कुछ सुझााव दिए। डीसी ने सभी को खुद सूचीबद्ध किया और बेहतर समाधान का भरोसा दिलाया। उन्होंने कहा कि हमारा मकसद है शिल्पियों को बेहतर दाम मिलें, उनको सरकारी योजनाओं का लाभ मिले, इसके लिए प्रशासन पूरी मदद करेगा।