उत्तराखंड में निहंग सिखों को लेकर विवाद लगातार गहराता नजर आ रहा है। 16 जून को चमोली के कर्णप्रयाग में पार्किंग विवाद के बाद निहंग सिख यात्रियों और स्थानीय लोगों के बीच झड़प हुई, जिसके बाद पुलिस ने चार निहंगों को गिरफ्तार कर लिया। इसी कार्रवाई को लेकर सिख संगठनों ने सवाल उठाए और निष्पक्ष जांच की मांग की। इसके बाद नगरासू गुरुद्वारे और फिर उत्तराखंड-हिमाचल सीमा पर निहंगों की मौजूदगी ने मामले को और संवेदनशील बना दिया।
हालात को देखते हुए प्रशासन ने सुरक्षा बढ़ा दी, एसआईटी जांच गठित की और लगातार शांति बनाए रखने की अपील की जा रही है। निहंग पक्ष पुलिस कार्रवाई की जांच और संबंधित अधिकारियों पर कार्रवाई की मांग कर रहा है, जबकि प्रशासन कानून व्यवस्था बनाए रखने पर जोर दे रहा है। अब सभी की नजर जांच और प्रशासन के अगले कदम पर टिकी है।