गर्मी, लू और उमस से लोग बेहाल हैं। सुबह 8 बजे से शाम तक धूप तन झुलसा रही है। शुक्रवार को शाम करीब चार बजे धूल भरी तेज हवा भी तापमान नहीं गिरा सकी। गर्मी के मीटर में आगरा फिर पहले स्थान पर रहा। अधिकतम तापमान बृहस्पतिवार की तुलना में 0.4 डिग्री सेल्सियस अधिक रहा। इसी के साथ आगरा 45 डिग्री सेल्सियस के अधिकतम तापमान के साथ गर्मी में प्रदेश में फिर पहले स्थान पर रहा। वहीं न्यूनतम तापमान भी 31.2 डिग्री सेल्सियस के उच्चतम स्तर पर पहुंचने और आर्द्रता बढ़ने से लोगों को ज्यादा गर्मी सता रही है। बृहस्पतिवार की रात न्यूनतम तापमान सबसे अधिक रहा। न्यूनतम तापमान सामान्य से 1.9 डिग्री अधिक रहा। आर्द्रता का स्तर रात साढ़े 8.30 बजे 69 तक पहुंचने के कारण उमस ने लोगों को परेशान किया।