लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी ने केंद्र सरकार और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर छात्रों के मुद्दे को लेकर तीखा हमला बोला। उन्होंने कहा कि देश के युवा शिक्षा व्यवस्था और परीक्षा प्रणाली में गड़बड़ियों के खिलाफ प्रदर्शन कर रहे हैं, लेकिन सरकार उनकी आवाज सुनने के बजाय छात्रों पर लाठीचार्ज करा रही है। राहुल गांधी ने प्रधानमंत्री से छात्रों से माफी मांगने और उनके खिलाफ बल प्रयोग तुरंत बंद करने की मांग की।
राहुल गांधी ने विपक्षी सांसदों के साथ लोकसभा अध्यक्ष से मुलाकात कर संसद में छात्रों पर हुए लाठीचार्ज और परीक्षा संकट पर विस्तृत चर्चा कराने की मांग उठाई। उन्होंने कहा कि छात्रों के भविष्य से जुड़े गंभीर सवालों पर संसद में जवाबदेही तय होनी चाहिए। राहुल ने साफ किया कि विपक्ष इस मुद्दे को दबने नहीं देगा और छात्रों की आवाज संसद से लेकर सड़कों तक उठाता रहेगा।