बांग्लादेश की पूर्व प्रधानमंत्री शेख हसीना ने एक बार फिर अपने देश लौटने की इच्छा जताकर वहां की राजनीति में हलचल तेज कर दी है। अगस्त 2024 में उनकी सरकार के सत्ता से बाहर होने के बाद से वह भारत में रह रही हैं। अब उन्होंने कहा है कि वह इसी साल बांग्लादेश लौटने की योजना बना रही हैं। हसीना ने यह भी कहा कि उन्हें मौत का कोई डर नहीं है। उनके इस बयान के बाद बांग्लादेश की सियासत में बहस तेज हो गई है और सत्तारूढ़ दल तथा विपक्षी नेताओं की प्रतिक्रियाएं सामने आने लगी हैं।
शेख हसीना का यह बयान ऐसे समय आया है, जब बांग्लादेश में प्रतिबंधित अवामी लीग के दोबारा सक्रिय होने की चर्चाएं तेज हैं। राजनीतिक गलियारों में यह चर्चा है कि ग्रामीण और शहरी क्षेत्रों में अवामी लीग का आधार फिर मजबूत हो रहा है। इसी बीच मौजूदा सरकार ने स्थानीय निकाय चुनावों में अवामी लीग से जुड़े नेताओं को निर्दलीय उम्मीदवार के रूप में चुनाव लड़ने की अनुमति दी है। ऐसे में हसीना के लौटने की घोषणा को राजनीतिक रूप से काफी महत्वपूर्ण माना जा रहा है।