फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

देखिए क्या है आपके यहां मौसम का हाल

Wed, 10 Dec 2025 06:00 AM IST
आदर्श अमर उजाला डिजिटल डॉट कॉम

उत्तर भारत में सर्दी अपने चरम की ओर बढ़ रही है और शीतलहर के साथ कोहरे का प्रकोप लगातार तीखा होता जा रहा है। कश्मीर से लेकर हिमाचल और जम्मू तक तापमान तेजी से गिरा है। कई इलाकों में पारा शून्य से काफी नीचे पहुंच गया है, जिससे जनजीवन प्रभावित होने लगा है। जोजिला, लद्दाख और हिमाचल के जनजातीय क्षेत्रों में हालात बेहद कठिन बने हुए हैं।

मौसम विभाग (IMD) के अनुसार आने वाले दिनों में ठंड और कोहरे में और इजाफा होगा। 9 से 12 दिसंबर के बीच उत्तर-पश्चिम भारत के बड़े हिस्सों में शीतलहर की तीव्र स्थिति बनी रहेगी। वहीं पूर्वी भारत के कई इलाके जैसे असम, मणिपुर, पूर्वी उत्तर प्रदेश और ओडिशा घने कोहरे की चपेट में रहेंगे। ऊंचाई वाले इलाकों में 13 दिसंबर से बर्फबारी का नया दौर शुरू होने की संभावना है।

कश्मीर घाटी में ठंड का प्रभाव सबसे ज्यादा दिख रहा है। पुलवामा माइनस 5.1 डिग्री के साथ सबसे ठंडा रहा, जबकि शोपियां में तापमान माइनस 5.0 और बारामुला में 4.9 डिग्री तक पहुंच गया। पहलगाम में माइनस 4.8 और अवंतिपोरा में माइनस 4.2 डिग्री दर्ज किया गया।

श्रीनगर में भी तापमान माइनस 3.7 डिग्री तक गिर गया। काजीगुंड और कुपवाड़ा में माइनस 3.6, गुलमर्ग में माइनस 2.5 और सोनमर्ग में माइनस 4.5 डिग्री रहा।
जोजिला में बर्फबारी के बाद न्यूनतम तापमान माइनस 19 डिग्री तक पहुंच गया है, जो इस सीजन की सबसे कड़ी ठंड में से एक है। लद्दाख के लेह में माइनस 8.5 और कारगिल में माइनस 7.2 डिग्री दर्ज हुआ। मौसम विभाग का कहना है कि घाटी में 12 दिसंबर तक मौसम शुष्क रहेगा।

हिमाचल प्रदेश में दिन में धूप होने के बावजूद रातें बेहद सर्द होती जा रही हैं। शिमला में न्यूनतम तापमान 9 डिग्री और नाहन में 10 डिग्री दर्ज हुआ। हमीरपुर, बिलासपुर, मंडी, ऊना, सोलन और कांगड़ा जैसे जिलों में रात का तापमान 6 डिग्री से नीचे चला गया।

जनजातीय इलाकों में पारा जमाव बिंदु से काफी नीचे पहुंच चुका है। कुकुमसेरी में माइनस 6.1 और ताबो में माइनस 4.4 डिग्री दर्ज हुआ। मंडी और बिलासपुर में जलाशयों के पास घना कोहरा छाया रहा, जिससे दृश्यता बेहद कम रही और यातायात पर असर पड़ा।

मौसम विज्ञान केंद्र ने बताया कि 13 दिसंबर तक मौसम साफ रहेगा, लेकिन 14 दिसंबर से लाहौल-स्पीति, किन्नौर, चंबा और कुल्लू के ऊपरी इलाकों में बारिश और बर्फबारी की संभावना है। सर्दी बढ़ने के साथ प्रशासन ने लोगों को सावधानी बरतने की अपील की है।

विज्ञापन

Latest

Recommended

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन
AU ऐप में पढ़ें