अंतरराष्ट्रीय टेनिस खिलाड़ी राधिका यादव की मौत के बाद उसकी दोस्त हिमांशिका सिंह राजपूत ने रविवार को इंस्टाग्राम पर दूसरा वीडियो जारी किया। उन्होंने दावा किया किया कि राधिका की हत्या की साजिश तीन दिनों से रची जा रही थी। 10 जुलाई को जब वह जिम में वर्कआउट कर रही थी तो उनकी दोस्त की कॉल आई थी लेकिन रिसीव नहीं कर पाई थीं। इससे पहले शनिवार शाम को उन्होंने वीडियो जारी किया था।
वीडियो में हिमांशिका ने आरोप लगाया कि कल जब वह राधिका के घर गईं तो उन्हें पता चला कि उसकी हत्या की साजिश वारदात के तीन दिन पहले से चल रही थी। दीपक ने हत्या के इरादे से रिवॉल्वर का इंतजाम किया था। घटना वाले दिन उसने राधिका की मां मंजू को दूसरे कमरे में रखा। भाई को बहाने से बाहर भेज दिया। यहां तक कि परिवार के पालतू पिटबुल कुत्ते को बाहर बांध दिया। इसके बाद राधिका को गोलियां मारीं।