देश की रक्षा करते हुए जम्मू-कश्मीर की आरएस पुरा सेक्टर में शहीद हुए बीएसएफ के सब-इंस्पेक्टर मोहम्मद इम्तियाज को सोमवार को उनके पैतृक गांव नारायणपुर (गड़खा थाना क्षेत्र, छपरा) में सुपुर्द-ए-खाक किया गया। शहीद जवान के पार्थिव शरीर के गांव पहुंचते ही माहौल गमगीन हो गया। हजारों की संख्या में ग्रामीण, जनप्रतिनिधि और सेना के अधिकारी अंतिम दर्शन के लिए उमड़े। हर आंख नम थी और हर दिल गर्व से भरा हुआ। राजकीय सम्मान के साथ उनके शव को गांव लाया गया, जहां नमाजे जनाजा के बाद उन्हें पूरे सैन्य सम्मान के साथ दफनाया गया। देश की रक्षा के लिए अपने प्राणों की आहुति देने वाले शहीद को अंतिम विदाई देने के लिए पूरा गांव उमड़ पड़ा। लोगों ने ‘इम्तियाज अमर रहें’, ‘भारत माता की जय’ और ‘पाकिस्तान मुर्दाबाद’ जैसे नारों से आसमान गुंजा दिया।