इस्राइल और ईरान के बीच संघर्ष शुरू हुए अब 11 दिन हो चुके हैं। इस्राइल ने पहले ही दिन से ईरान के चार परमाणु ठिकानों को निशाना बनाने के बाद से बीते एक हफ्ते में अलग-अलग मौकों पर अरक से लेकर इशफान तक परमाणु केंद्रों पर एयरस्ट्राइक को अंजाम दिया है। अब अमेरिका की तरफ से ईरान के तीन परमाणु ठिकानों- फोर्दो, इशफहान और नतांज को निशाना बनाए जाने से पूरी दुनिया की चिंता बढ़ गई है। फिलहाल इन परमाणु केंद्रों से विकिरण (रेडिएशन) फैलने की खबरें नहीं हैं। हालांकि, यूएन की एजेंसी- अंतरराष्ट्रीय परमाणु ऊर्जा एजेंसी (आईएईए) हालात पर करीब से नजर रख रही है।इस पूरे घटनाक्रम के बीच सबसे कड़ी चेतावनी हाल ही में रूस की तरफ से आई थी।
रूस ने कहा था कि अगर ईरान के बुशहर परमाणु संयंत्र पर हमला होता है तो इससे शेर्नोबिल (Chernobyl) जैसी परमाणु आपदा पैदा हो सकती है। गौरतलब है कि 1986 में जब यूक्रेन सोवियत संघ के अंतर्गत था, तब वहां एक परमाणु रिएक्टर में विस्फोट हो गया था। इस घटना के बाद यूक्रेन का एक बड़ा इलाका तबाह हो गया था और कई वर्षों तक यहां रेडिएशन फैला रहा। इन चेतावनियों के बीच इस्राइल और अमेरिका ने ईरान की परमाणु क्षमता को खत्म करने के लिए अभियान जारी रखे। नतांज, अरक और इशफहान में परमाणु ठिकानों पर गुरुवार से लेकर रविवार तक जबरदस्त हमले हुए, लेकिन बुशहर पर किसी बड़े हमले की बात सामने नहीं आई है।
इससे पहले गुरुवार को इस्राइल की तरफ से बुशहर परमाणु संयंत्र को भी निशाना बनाने का एलान हुआ था, हालांकि बाद में इस्राइली सेना (आईडीएफ) ने इस घोषणा को गलत बताया था। ऐसे में यह जानना अहम है कि अमेरिका और इस्राइल ने अब तक ईरान में कितना अंदर तक हमला किया है? उसके इन हमलों से किस तरह का खतरा पैदा हुआ है? बुशहर परमाणु केंद्र पर हमले की आशंका को लेकर क्या डर जताया जा रहा है और क्यों? इससे खाड़ी देशों में क्यों तनाव की स्थिति है? आइये जानते हैं...अमेरिका-इस्राइल ने अब तक ईरान में कितना अंदर जाकर हमला किया?