प्रभात नाम के जिस शख्स को आप मस्ती में झूमते देख रहे हैं कुछ देर पहले वो बैडमिंटन खेल कर आए थे। बरेली के प्रभात पूरी तरह फिट थे अच्छे खिलाड़ी थे थके होेने के बाद बर्थ डे पार्टी में डांस कर रहे थे और उसी वक्त देखते ही देखते जमीन पर गिर गए और उनकी मौत हो गई। पिछले कुछ वर्षों के आंकड़े उठाकर देखें तो पता चलता है कि कम उम्र के लोगों में हृदय रोग और हार्ट अटैक के मामले काफी तेजी से बढ़ते जा रहे हैं। हाल में कॉमेडियन राजू श्रीवास्तव से लेकर भाभी जी घर पर हैं के एक्टर दीपेश भान, अभिनेता पुनीत राजकुमार समेत सिद्धार्थ शुक्ला तक को जिम करते हुए दिल का दौरा पड़ा। ऐसे में सवाल खड़ा होता है कि आखिर जिम जाने वालों में इस तरह की गंभीर समस्या क्यों बढ़ रही है? हृदय रोगों से बचे रहने के लिए क्या जिम जाना बंद कर देना चाहिए?