जम्मू-कश्मीर के मशहूर पर्यटन स्थल गुलमर्ग में सोमवार को उस वक्त हड़कंप मच गया, जब एशिया की सबसे ऊंची और दुनिया की चर्चित रोपवे सेवाओं में शामिल गुलमर्ग गोंडोला अचानक तकनीकी खराबी का शिकार हो गई। दोपहर के समय गोंडोला सेवा बीच रास्ते में रुक गई और करीब 300 पर्यटक हवा में लटके 65 केबिनों में फंस गए। ऊंचे पहाड़, खराब मौसम और तेज बारिश के बीच फंसे लोगों में डर और घबराहट का माहौल बन गया। कई परिवार अपने बच्चों के साथ घंटों तक केबिनों में बंद रहे।
घटना की जानकारी मिलते ही प्रशासन हरकत में आया और बड़े स्तर पर रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया गया। सेना, जम्मू-कश्मीर पुलिस, एसडीआरएफ, एनडीआरएफ और स्थानीय लोगों ने मिलकर राहत अभियान चलाया। अधिकारियों के मुताबिक, दोपहर करीब 1 बजकर 20 मिनट पर तकनीकी खराबी की सूचना मिली थी। इसके बाद तुरंत रेस्क्यू टीमें मौके पर भेजी गईं।