फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Greater Noida Fire:नोएडा के शाहबेरी मार्केट में लगी भीषण आग को घंटों की मशक्कत के बाद किया गया काबू!

Sat, 16 May 2026 01:57 AM IST
Bhaskar Tiwari वीडियो डेस्क अमर उजाला डॉट कॉम

 शाहबेरी स्थित फर्नीचर मार्केट में लगी भीषण आग पर अब काफी हद तक काबू पा लिया गया है। देर रात लगी इस आग ने देखते ही देखते विकराल रूप ले लिया और कई गोदाम तथा दुकानें इसकी चपेट में आ गईं। आग इतनी तेजी से फैली कि पूरे इलाके में अफरा-तफरी मच गई। शुरुआती जानकारी के अनुसार, आग में कम से कम आठ फर्नीचर दुकानों और गोदामों का सामान पूरी तरह जलकर राख हो गया। घटना के बाद स्थानीय लोगों ने तुरंत दमकल विभाग को सूचना दी, जिसके बाद कई फायर ब्रिगेड की गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और घंटों की मशक्कत के बाद आग पर नियंत्रण पाया गया।

प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, आग सबसे पहले एक गोदाम में लगी और वहां रखे लकड़ी, फोम, प्लाईवुड और पॉलिश जैसे ज्वलनशील सामान के कारण तेजी से आसपास की दुकानों तक फैल गई। धुएं का गुबार कई किलोमीटर दूर तक दिखाई दिया। दमकल कर्मियों को संकरी गलियों और भारी धुएं के कारण राहत कार्य में काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ा। प्रशासन ने आसपास के इलाके को खाली कराकर लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया।

फिलहाल किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है, लेकिन व्यापारियों को भारी आर्थिक नुकसान हुआ है। कई दुकानदारों का कहना है कि आग में लाखों रुपये का फर्नीचर और तैयार माल जल गया। आग लगने के कारणों की जांच की जा रही है। शुरुआती आशंका शॉर्ट सर्किट की जताई जा रही है, हालांकि अधिकारियों ने कहा है कि जांच पूरी होने के बाद ही वास्तविक कारण स्पष्ट हो सकेगा।

स्थानीय प्रशासन और पुलिस की टीम मौके पर मौजूद रही और स्थिति पर लगातार नजर बनाए रखी। आग पर नियंत्रण के बाद अब ठंडा करने का काम जारी है ताकि दोबारा आग न भड़क सके। घटना के बाद व्यापारियों में चिंता का माहौल है और उन्होंने मार्केट में बेहतर अग्नि सुरक्षा व्यवस्था की मांग की है। मुख्य अग्निशमन अधिकारी  प्रदीप कुमार ने बताया, "हमें सूचना मिली कि ग्रेटर नोएडा के शाहबेरी फर्नीचर मार्केट में आग लग गई है.आग पर काबू पा लिया गया है.इस घटना में लगभग आठ दुकानें जलकर खाक हो गईं.किसी के घायल होने या हताहत होने की कोई खबर नहीं है

विज्ञापन

Latest

Recommended

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन
AU ऐप में पढ़ें