एक तरफ जहां खड़गे ने अध्यक्ष पद संभालते ही भाजपा पर निशाना साधना शुरू कर दिया है। बीते दिन उन्होंने कहा कि कांग्रेस मौजूदा केंद्र सरकार के झूठ और नफरत के सिस्टम को ध्वस्त करेगी। आने वाली चुनौतियों को जिक्र करते हुए, खड़गे ने कहा कि हिमाचल प्रदेश और गुजरात के साथ-साथ अन्य राज्यों में भी चुनाव होने वाले हैं। कांग्रेस कार्यकर्ताओं को भाजपा को हराने के लिए अपनी पूरी ताकत लगानी होगी। तो वहीं दूसरी तरफ खड़गे के लिए एआईसीसी में अपनी नई टीम का गठन आसान नहीं है। पदभार संभालने के साथ उन्होंने उदयपुर नवसंकल्प के तहत 50 फीसदी हिस्सेदारी 50 साल से कम उम्र के लोगों को देने का ऐलान किया है। हालांकि अगर पार्टी अध्यक्ष इस फॉर्मूले पर अमल करते हैं, तो कांग्रेस कमेटी की तस्वीर पूरी तरह बदल जाएगी।