फसलों के न्यूनतम समर्थन मूल्य यानी कि एमएसपी की कानूनी गारंटी समेत अन्य मांगों को लेकर दिल्ली तक पैदल मार्च कर रहे पंजाब के किसानों को पंजाब हरियाणा के बीच शंभू सीमा पर हरियाणा पुलिस व अर्द्धसैनिक बलों ने आगे बढ़ने से रोक दिया। पुलिस व किसानों के बीच करीब ढाई घंटे चले टकराव में पुलिस ने मिर्ची स्प्रे व आंसू गैस के गोले दागे। जिसमें 15 किसान घायल हो गए, 26 साल के किसान हरप्रीत सिंह की हालत नाजुक है। छह पुलिसकर्मी भी घायल हैं। वहीं, सीमा पर बढ़ते तनाव को देखते हुए हरियाणा सरकार ने अंबाला के 11 गांवों में इंटरनेट सेवाओं पर नौ दिसंबर तक रोक लगा दी है।