Delhi Liquor Policy Case: दिल्ली के कथित शराब घोटाले मामले में आम आदमी पार्टी के संयोजक और पूर्व मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल को बड़ी राहत मिली है। राउज एवेन्यू कोर्ट ने अरविंद केजरीवाल और मनीष सिसोदिया समेत सभी 23 आरोपियों को बरी कर दिया है। कोर्ट के इस फैसले के बाद आम आदमी पार्टी में खुशी की लहर है। वहीं, इस पूरे मामले पर अब कांग्रेस नेताओं की भी प्रतिक्रिया सामने आई है।
शराब नीति मामले में अरविंद केजरीवाल के बरी होने पर कांग्रेस नेता पवन खेड़ा ने कहा, "इसमें कोई हैरानी की बात नहीं है। इसका अंदाज़ा लगाया जा सकता है। भाजपा हर चुनाव से पहले यही करती है। अगर उन्हें कांग्रेस को कमज़ोर करना सही लगता है, तो वे कांग्रेस के दुश्मनों को मज़बूत करेंगे। उन्होंने पहले भी यही किया है।"
वहीं, पंजाब कांग्रेस प्रमुख अमरिंदर सिंह राजा वारिंग ने कहा, "मुझे समझ नहीं आया कि केंद्र सरकार ने बहुत बड़े इल्ज़ाम लगाए और जिस तरह डेढ़ साल जेल में रखा। जो गंभीर आरोप होते हैं उसी में डेढ़ साल बाद जमानत मिलती है। अगर इतने बड़े आरोप नहीं थे तो डेढ़ साल अंदर क्यों रखा और अगर आरोप सही थे तो क्लीन चीट कैसे मिली? भाजपा, प्रधानमंत्री मोदी, गृह मंत्री, अरविंद केजरीवाल ही बता सकते हैं कि यह खेला कैसे हुआ?"
पवन खेड़ा और अमरिंदर सिंह राजा वारिंग के अलावा कांग्रेस सांसद तारिक अनवर ने भी अरविंद केजरीवाल के बरी होने पर बड़ा बयान दिया है। उन्होंने कहा कि, "यह केजरीवाल और उनकी टीम के लिए अच्छी खबर है। इससे एक बात साफ है कि उस समय केंद्र सरकार द्वारा लगाए गए आरोप राजनीति से प्रेरित थे और सिर्फ विपक्ष को बदनाम करने के लिए लगाए गए थे।"