Delhi CM Rekha Gupta Attack: दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता शनिवार को श्रीराम कॉलेज ऑफ कॉमर्स के वार्षिक दिवस समारोह में शामिल हुईं। इस दौरान सीएम ने जनसुनवाई के दौरान उनपर हुए हमले पर टिप्पणी की। सीएम ने अपने ऊपर हुए हमले पर बोलते हुए कहा कि मैं असुरी शक्तियों से डरने वाली नही हूं, मुझे तूफानों से जूझने की आदत है। उन्होंने कहा कि आज मेरे साथ दिल्लीवालों के प्यार और आशीर्वाद के रूप में बड़ी ताकत मौजूद है।
दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता पर 20 अगस्त की सुबह हमला हुआ था। दिल्ली सीएम हाउस में यह घटना घटी। सीएम हाउस में मुख्यमंत्री रेखा साप्ताहिक जनसुनवाई कर रहीं थीं। इसी दौरान करीब 40 साल के एक शख्स ने हमला कर दिया। पुलिस ने आरोपी हमलावर को पकड़ लिया। हमले के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। मुख्यमंत्री पर गुजरात के राजकोट निवासी राजेश खिमजी ने उनके सिविल लाइंस स्थित आवास पर हमला किया था। आरोपी को पांच दिन की पुलिस हिरासत में भेज दिया गया है। मामले की आगे की जांच जारी है।