Cross Voting in Vice President Election: उपराष्ट्रपति चुनाव में एनडीए उम्मीदवार सीपी राधाकृष्णन को भारी मतों से जीत मिली। इसके बाद क्रॉस-वोटिंग के आरोपों को लेकर चर्चा का बाजार गर्म हो गया। उपराष्ट्रपति चुनाव में क्रॉस वोटिंग के मामलों को लेकर विपक्ष में हलचल मची हुई है। टीएमसी ने क्रॉस वोटिंग की अफवाहों को कमतर बताया है। वहीं, कांग्रेस और शिवसेना (यूबीटी) ने भी क्रॉस वोटिंग पर बड़ा बयान दिया है।
कांग्रेस सांसद प्रमोद तिवारी ने कहा कि विपक्षी दलों को क्रॉस वोटिंग की समीक्षा करनी होगी। उन्होंने कहा कि मैं सीपी राधाकृष्णन को उनकी जीत पर बधाई देता हूं। जहां तक नतीजों की बात है। पिछली बार विपक्ष को 26 फीसदी वोट मिले थे। इस बार यह बढ़कर 40 फीसदी हो गया। पीएम मोदी के दरवाजे पर खतरा मंडरा रहा है। अगर क्रॉस वोटिंग कराई गई है तो यह गलत है। लेकिन मैं इस पर कोई टिप्पणी नहीं करूंगा। कई पार्टियां हैं और वे सभी इसकी समीक्षा करेंगी। उसके बाद मैं इस पर आधिकारिक टिप्पणी करूंगा।
बता दें कि, बीते 21 जुलाई को जगदीप धनखड़ के अचानक उपराष्ट्रपति पद से इस्तीफे देने के बाद उपराष्ट्रपति पद को लेकर चर्चा तेज हो गई कि भारत का अगला उपराष्ट्रपति कौन होगा? ऐसे में बीते नौ सितंबर को इसके लिए चुनाव हुए। 67 वर्षीय एनडीए उम्मीदवार सीपी राधाकृष्णन ने मंगलवार को हुए उपराष्ट्रपति चुनाव में विपक्षी उम्मीदवार बी सुधर्शन रेड्डी को 152 वोटों से हराकर, भारत के नए उपराष्ट्रपति बन गए।