बिहार की राजधानी पटना में बिहार लोक सेवा आयोग की ओर से ली गई तीसरे चरण की शिक्षक भर्ती परीक्षा के अभ्यर्थियों ने सरकार के खिलाफ हाथों में हथकड़ी बंधकर विरोध प्रदर्शन किया। अभ्यर्थियों की मांग है कि तीसरे चरण की शिक्षक भर्ती परीक्षा का सप्लीमेंट्री रिजल्ट जारी करें। पुलिस ने प्रदर्शन कर रहे अभ्यर्थियों को लाठी लेकर खदेड़ा। कुछ अभ्यर्थियों को पुलिस ने धक्का देकर भी भगाया।
आपको बता दें कि अभ्यर्थी जेपी गोलंबर के पास TRE-3 के सप्लीमेंट्री रिजल्ट की मांग को लेकर अभ्यर्थी सड़क पर उतरे थे। इस दौरान अभ्यर्थियों ने हाथों में जंजीर बांधकर विरोध प्रदर्शन किया। अभ्यर्थी मुख्य सचिव से मिलने की बात कर रहे थे। लेकिन जेपी गोलंबर के पास बैरिकेडिंग कर पुलिस ने अभ्यर्थियों को आगे जाने की इजाजत नहीं दी। अभ्यर्थियों को समझाने के लिए मजिस्ट्रे़ट एमएच खान को बुलाया गया। जब मजिस्ट्रेट एमएच खान पहुंचे तो अभ्यर्थियों ने रिजल्ट जारी करने की मांग की।
बीपीएससी अभ्यर्थी TRE 3 परीक्षा का रिजल्ट जारी करने के लिए कई बार विरोध प्रदर्शन कर चुके हैं। लेकिन इसी साल की छह मई को CM हाउस का घेराव करने पहुंचे BPSC अभ्यर्थियों पर पुलिस ने लाठीचार्ज कर दिया था। जिसमें कई अभ्यर्थी घायल हो गये थे। तब अभ्यर्थियों का कहना था कि हमलोग कई महीनों से लगातार धरना प्रदर्शन कर रहे हैं, लेकिन हमारी मांगों को अब तक किसी ने नहीं सुना। तब थक-हारकर हमलोग मुख्यमंत्री के आवास पर अपनी बात रखने आये, लेकिन पुलिस वालों ने बर्बरतापूर्वक हमलोगों के साथ मारपीट की।
कई महिला अभ्यर्थियों ने कहा था कि हम महिला अभ्यर्थियों पर भी पुलिस वालों ने डंडा बरसाए हैं। उन्होंने आरोप लगाते हुए कहा कि महिला अभ्यर्थियों को ये पुलिस वाले भद्दी भद्दी गालियां भी दी। उनका कहना था कि हमारी मांग बस इतनी सी है कि BPSC TRE 3 में जितने सीट पर वेकेंसी आई थी, इसके बाद जितना पड़ा खाली रह गया, उसमें सरकार सप्लीमेंट्री रिजल्ट जारी करे।