भव्य महल में विराजे रामलला की पहली दीपावली को लेकर अयोध्या में इस कदर उल्लास है कि दिन और रात एक हो गए हैं। बजाओ ढोल स्वागत में मेरे घर राम आए हैं...जैसे गीत रामनगरी की फिजाओं में गूंज रहे हैं। सजी-धजी, चमक-दमक रही अयोध्या को निहारने की उत्सुकता में देर रात तक श्रद्धालु उमड़ रहे हैं। उधर राममंदिर में 496 साल बाद भव्य दीपावली की तैयारी पूरी हो चुकी है। बुधवार से राममंदिर में दो दिनों तक उत्सव होगा, एक लाख दीप जलेंगे, अनुष्ठान होंगे। मंगलवार को दीपोत्सव से पहले सरयू घाट पर करीब 200 महिलाओं समेत लगभग 1100 लोग सरयू आरती के पूर्वाभ्यास में शामिल हुए। इस दौरान लेजर शो का भी पूर्वाभ्यास हुआ।