समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष अखिलेश यादव 8 अक्टूबर को रामपुर में आजम खान से मिलने जाएंगे। यह मुलाकात सियासी तौर पर काफी अहम मानी जा रही है।समाजवादी पार्टी के नेता रविदास मेहरोत्रा ने कहा, "समाजवादी पार्टी के वरिष्ठ नेता आज़म खान जेल से रिहा हो गए हैं। भाजपा सरकार ने 2 साल उनपर फर्जी मुकदमों में अत्याचार की सारी सीमाएं तोड़ दी थी। 8 अक्टूबर को समाजवादी पार्टी प्रमुख अखिलेश यादव आज़म खान से मिलने रामपुर जाएंगे।
आजम खान की जेल से रिहाई के बाद सपा के किसी बड़े नेता का उनसे मिलने न जाना चर्चा का विषय बना हुआ था। इस मुलाकात के जरिए अखिलेश यादव अपने अल्पसंख्यक वोट बैंक को यह संदेश देना चाहते हैं कि वे आजम खान के साथ खड़े हैं। आजम खान के बसपा या किसी अन्य पार्टी में जाने की अटकलें चल रही थीं। अखिलेश यादव उनसे मिलकर इन अटकलों को खत्म करना चाहते हैं। आजम खान ने भी बसपा में जाने की अफवाहों को खारिज कर दिया है।
अखिलेश यादव 2027 के विधानसभा चुनावों के लिए अपने 'पिछड़ा, दलित, अल्पसंख्यक' (पीडीए) फॉर्मूले को मजबूत करना चाहते हैं। आजम खान के साथ उनकी यह मुलाकात अल्पसंख्यक वोट बैंक को साधने का एक बड़ा कदम माना जा रहा है। यह मुलाकात 9 अक्टूबर को बसपा के एक बड़े कार्यक्रम से ठीक एक दिन पहले हो रही है। इस तरह, अखिलेश यादव अपनी पार्टी की स्थिति को और मजबूत करना चाहते हैं। हालांकि इस मुलाकात पर कई तरह की चर्चाओं का बाजार गरम हो गया है , लेकिन यह देखना महत्वपूर्ण होगा कि आगामी चुनाव को देखते हुए अखिलेश यादव का रामपुर दौरा कितना अहम साबित होता है। फिलहाल रामपुर का प्रशासन अखिलेश यादव के दौर को लेकर अपनी तैयारियां तेज कर दिया है। क्योंकि यह माना जा रहा है कि अखिलेश यादव के साथ भारी संख्या में समाजवादी पार्टी के कार्यकर्ता भी आएंगे और ऐसे में प्रशासन को सारी तैयारी करनी होगी ।