गगरेट विधानसभा क्षेत्र में शनिवार सुबह अचानक हुई मूसलाधार बारिश ने जनजीवन को बुरी तरह प्रभावित कर दिया। सुबह से लगातार हो रही वर्षा के चलते गगरेट-दौलतपुर मुख्य मार्ग पर पड़ने वाली दियोली खड्ड अचानक उफान पर आ गई। देखते ही देखते खड्ड ने विकराल रूप धारण कर लिया और उसका तेज बहाव राहगीरों के लिए खतरे की घंटी बन गया। दियोली खड्ड का रौद्र रूप देखकर सड़क से गुजर रहे छोटे-बड़े वाहनों के पहिए थम गए। वाहन चालक खड्ड के किनारे खड़े होकर पानी के कम होने का इंतजार करते नजर आए। इसी दौरान एक बाइक सवार ने जान जोखिम में डालते हुए उफनती खड्ड को पार करने की कोशिश कर दी। लेकिन बीच रास्ते में पहुंचते ही पानी का तेज बहाव उसकी बाइक पर भारी पड़ गया और वह खड्ड के बीचोंबीच फंस गया। कुछ ही क्षणों में स्थिति बेहद गंभीर हो गई और बाइक सवार की जान पर बन आई। मौके पर मौजूद लोग असहाय होकर यह दृश्य देखते रहे। तभी वहां खड़े एक साहसी युवक ने बिना अपनी जान की परवाह किए मानवता और बहादुरी का परिचय दिया। युवक तुरंत खड्ड में उतरा और तेज बहाव से जूझते हुए बाइक सवार तक पहुंचा। काफी मशक्कत के बाद उसने बाइक सवार को सुरक्षित बाहर निकाल लिया। युवक की सूझबूझ और साहस के चलते एक बड़ा हादसा टल गया। प्रत्यक्षदर्शियों का कहना है कि यदि समय रहते युवक मदद के लिए आगे नहीं आता तो पानी के तेज बहाव में फंसे बाइक सवार की जान भी जा सकती थी। युवक की इस बहादुरी की पूरे गगरेट क्षेत्र में जमकर सराहना हो रही है और लोग उसे एक सच्चा नायक बता रहे हैं।