ऊना विधानसभा क्षेत्र के विधायक और भाजपा के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष सतपाल सिंह सत्ती ने प्रदेश की कांग्रेस सरकार पर जमकर निशाना साधा है। उन्होंने आरोप लगाया कि मौजूदा सरकार के संरक्षण में प्रदेश में माफिया तंत्र फल-फूल रहा है और कानून व्यवस्था की स्थिति पूरी तरह चरमरा चुकी है। सत्ती ने कहा कि ऊना जिला में अवैध खनन, नशा कारोबार, जुआ और अवैध लॉटरी जैसे धंधे खुलेआम चल रहे हैं, जबकि पुलिस प्रशासन मूक दर्शक बना हुआ है। विधायक ने दावा किया कि सरकार ने अपने चहेतों को हर अवैध काम करने की खुली छूट दे रखी है, जिसके चलते आम जनता भय और असुरक्षा के माहौल में जी रही है। उन्होंने सवाल उठाया कि जब प्रदेश में दिनदिहाड़े गोलियां चल रही हैं और माफिया बेलगाम हैं, तो पुलिस आखिर कर क्या रही है?