जिला ऊना में लगातार हो रही बारिश के बीच हालात लगातार बिगड़ते जा रहे हैं। इसी बीच ऊना सदर के विधायक सतपाल सिंह सत्ती ने सोमवार को बारिश प्रभावित इलाकों का दौरा किया और हालात का जायजा लिया। उन्होंने विशेष रूप से अबादा बराना स्थित प्राइमरी स्कूल का निरीक्षण किया, जहां डंगा गिरने से स्कूल भवन का एक हिस्सा पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया है। सत्ती ने मौके पर मौजूद ग्रामीणों और स्कूल स्टाफ से बातचीत करते हुए कहा कि यह ईश्वर का ही करिश्मा है कि हादसे के समय छुट्टी के चलते बच्चे स्कूल में मौजूद नहीं थे। यदि उस समय बच्चे कक्षाओं में बैठे होते तो बड़ा हादसा हो सकता था। उन्होंने कहा कि स्कूल की दो कक्षाओं के पूरी तरह से ध्वस्त हो जाने और रिकॉर्ड व सामग्री के नष्ट होने से शिक्षा व्यवस्था प्रभावित हुई है। विधायक ने प्रशासन और सरकार से आग्रह किया है कि प्रभावित भवन के स्थान पर तुरंत वैकल्पिक व्यवस्था की जाए ताकि बच्चों की पढ़ाई बाधित न हो। उन्होंने कहा कि शिक्षा हर बच्चे का अधिकार है और इस दिशा में लापरवाही नहीं बरती जानी चाहिए।