प्रदेश के मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू के प्रस्तावित कुटलैहड़ दौरे को लेकर तैयारियां तेज हो गई हैं। इसी के तहत कुटलैहड़ के विधायक विवेक शर्मा ने हेलीपैड स्थल का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान विधायक ने संबंधित विभागों के अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश देते हुए कहा कि मुख्यमंत्री के आगमन को लेकर सभी तैयारियां समय पर पूरी की जाएं। उन्होंने हेलीपैड स्थल पर सुरक्षा व्यवस्था, साफ-सफाई, यातायात प्रबंधन तथा अन्य जरूरी सुविधाओं की भी जानकारी ली। विधायक विवेक शर्मा ने कहा कि मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू का कुटलैहड़ आगमन क्षेत्र के लिए महत्वपूर्ण है और इससे विकास कार्यों को नई गति मिलेगी। उन्होंने प्रशासन को निर्देश दिए कि मुख्यमंत्री के दौरे के दौरान किसी भी प्रकार की कमी न रहे और सभी व्यवस्थाएं सुचारू रूप से संचालित हों।