जिला ऊना पुलिस ने नशा तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए मैहतपुर थाना क्षेत्र में 162 किलो 640 ग्राम भुक्की (डोडा चूरा पोस्त) बरामद कर पंजाब के दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। कार्रवाई 30-31 जुलाई की मध्यरात्रि को ऊना-संतोषगढ़ मार्ग पर नाकाबंदी के दौरान की गई। पुलिस ने नशीले पदार्थ के साथ वाहन भी जब्त कर लिया है। मामले में पूरे तस्करी नेटवर्क की जांच की जा रही है। जिला पुलिस अधीक्षक सचिन हीरेमठ ने शुक्रवार को पत्रकार वार्ता में बताया कि नशे के खिलाफ ऊना पुलिस का अभियान लगातार जारी है और किसी भी कीमत पर नशा तस्करों को बख्शा नहीं जाएगा। उन्होंने बताया कि 30-31 जुलाई की रात करीब 12:10 बजे मैहतपुर थाना प्रभारी निरीक्षक अशोक कुमार अपनी टीम के साथ फतेहपुर मंदिर के पास ऊना-संतोषगढ़ मार्ग पर नाकाबंदी कर रहे थे। इसी दौरान ऊना की ओर से आ रहे एक टाटा ऐस (छोटा हाथी) वाहन को जांच के लिए रोका गया। वाहन में सवार दो व्यक्तियों की गतिविधियां संदिग्ध लगने पर पुलिस ने नियमानुसार तलाशी ली। तलाशी के दौरान वाहन के पिछले हिस्से में रखे आठ बोरों से भुक्की बरामद हुई। मौके पर इलेक्ट्रॉनिक कांटे से वजन करने पर कुल 162 किलो 640 ग्राम भुक्की पाई गई। पुलिस ने नशीले पदार्थ और वाहन को कब्जे में ले लिया। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान जोगा सिंह (41) निवासी दिनोवाल खुर्द तथा हरप्रीत सिंह (28) निवासी गांव पंडोरी, तहसील गढ़शंकर, जिला होशियारपुर (पंजाब) के रूप में हुई है। एसपी सचिन हीरेमठ ने बताया कि प्रारंभिक पूछताछ में आरोपियों से महत्वपूर्ण जानकारियां मिली हैं। पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि नशीले पदार्थ की खेप कहां से लाई गई थी और इसे कहां पहुंचाया जाना था। मामले में पूरे तस्करी नेटवर्क की जांच की जा रही है और अन्य लोगों की संलिप्तता सामने आने पर उनके खिलाफ भी सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने कहा कि ऊना पुलिस जीरो टॉलरेंस की नीति के तहत नशा तस्करों के खिलाफ लगातार अभियान चला रही है और भविष्य में भी ऐसी कार्रवाई जारी रहेगी।