उपमंडल अंब के शक्तिपीठ लखदाता पीर प्राण सूरी में गुरुवार को पारंपरिक छिंज मेले का आयोजन हुआ। मेले में हिमाचल, पंजाब, हरियाणा, दिल्ली, उत्तर प्रदेश और जम्मू-कश्मीर के नामी पहलवानों ने दमखम दिखाया। सुबह से ही मंदिर प्रांगण श्रद्धालुओं से खचाखच भरा रहा। मंदिर कमेटी के प्रधान शेर सिंह ने बताया कि सुबह नौ बजे से श्रद्धालुओं के लिए भंडारे का आयोजन किया गया। हजारों श्रद्धालुओं ने लंगर प्रसाद ग्रहण किया। मेले में बतौर मुख्य अतिथि उपायुक्त ऊना जितिन लाल पहुंचे। मेला कमेटी की ओर से उन्हें स्मृति चिन्ह देकर सम्मानित किया गया। फाइनल मुकाबला पंजाब के परवीन कोहाली और उत्तर प्रदेश के अजय गुज्जर के बीच खेला गया। 20 मिनट तक चली इस कड़ी टक्कर का कोई नतीजा नहीं निकला। इसके बाद प्वाइंट्स आधार पर दोबारा कुश्ती कराई गई, जिसमें परवीन कोहाली ने जीत दर्ज की। मेला कमेटी की ओर से विजेता परवीन कोहाली को एक लाख रुपये नकद और एक गुर्ज, जबकि उपविजेता अजय गुज्जर को 51 हजार रुपये नकद और एक गुर्ज प्रदान किया गया।दंगल के साथ-साथ सांस्कृतिक कार्यक्रमों ने भी श्रद्धालुओं को बांधे रखा। श्रद्धालुओं ने कहा कि यह मेला केवल दंगल तक सीमित नहीं है, बल्कि पूरे क्षेत्र की आस्था और परंपरा का प्रतीक है।