मशहूर पंजाबी भजन गायक वंशराज ने शक्तिपीठ माता श्री चिंतपूर्णी के दरबार में अपनी आगामी भेंट (भजन) की शूटिंग पूरी की। इस दौरान उन्होंने मां के चरणों में हाजिरी लगाई और आशीर्वाद प्राप्त किया। मीडिया से बातचीत के दौरान वंशराज ने बताया कि यह विशेष भजन माता रानी की महिमा को समर्पित है। उन्होंने घोषणा की कि भक्तों के उत्साह को देखते हुए इस भजन को आगामी नवरात्रों के शुभ अवसर पर रिलीज किया जाएगा, ताकि श्रद्धालु माता की भक्ति में सराबोर हो सकें। गायक वंशराज ने शूटिंग को सफलतापूर्वक संपन्न करने के लिए मंदिर प्रशासन का आभार व्यक्त किया। इसके साथ ही उन्होंने विशेष रूप से पुजारी गगन कालिया का धन्यवाद करते हुए कहा कि उनके सहयोग और मार्गदर्शन के बिना इस कार्य को पूरा करना संभव नहीं था। भजन की शूटिंग के दौरान मंदिर परिसर में काफी उत्साह देखा गया और अब प्रशंसकों को नवरात्रों में रिलीज होने वाले इस आधिकारिक वीडियो का बेसब्री से इंतज़ार है।