बंगाणा बाजार में तीन दिनों तक चली राजस्व विभाग की निशानदेही कार्रवाई मंगलवार को पूरी हो गई। टीम ने बाजार के दोनों ओर सरकारी भूमि और नाले पर किए गए कब्जों की सटीक सीमा रेखाएं तय कर दी हैं। इस दौरान कई बड़े भवनों और दुकानों के हिस्से जांच के घेरे में आए हैं। निशानदेही पूरी होने के बाद नायब तहसीलदार जितेंद्र शर्मा की अगुवाई में मौजूद राजस्व विभाग की टीम ने स्पष्ट कहा कि अब किसी भी प्रकार के अवैध निर्माण या कब्जे को बख्शा नहीं जाएगा। विभाग ने रिपोर्ट तैयार कर ली है जिसे प्रशासनिक स्तर पर बैठक में प्रस्तुत किया जाएगा। इसके बाद संबंधित कब्जाधारकों को समय दिया जाएगा ताकि वे खुद कब्जा हटा लें, अन्यथा प्रशासनिक मशीनरी कार्रवाई करेगी।