डिजिटल सेवा सप्ताह के अंतर्गत ऊना डाक मंडल द्वारा आज मुच्छाली ग्राम पंचायत में एक दिवसीय आधार सेवा कैंप का आयोजन किया गया। इस कैंप का उद्देश्य ग्रामीण नागरिकों को आधार से संबंधित सुविधाएं जैसे – नाम, पता, जन्मतिथि, मोबाइल नंबर आदि का सुधार या अपडेट — स्थानीय स्तर पर उपलब्ध कराना था। डिजिटल इंडिया अभियान को सशक्त करने के उद्देश्य से आयोजित इस सेवा सप्ताह में डाक विभाग सक्रिय भूमिका निभा रहा है। अधिकारियों ने बताया कि इस तरह के कैंपों से ग्रामीण क्षेत्रों के नागरिकों को शहरों में भटकने की आवश्यकता नहीं रहती, जिससे समय और धन की बचत होती है। कैंप में भारी संख्या में लोगों ने भाग लिया और आधार से जुड़ी सेवाओं का लाभ उठाया। डाक विभाग की टीम ने नागरिकों को डिजिटल सेवाओं की जानकारी भी दी और उन्हें सरकारी योजनाओं से जोड़ने हेतु जागरूक किया। डाक विभाग के अधिकारियों ने कहा कि सेवा सप्ताह के तहत आने वाले दिनों में ऊना मंडल के अन्य ग्राम पंचायतों में भी ऐसे कैंप आयोजित किए जाएंगे, ताकि अधिक से अधिक लोग डिजिटल रूप से सशक्त बन सकें।