जिला मुख्यालय के इंदिरा गांधी खेल परिसर में शनिवार को हिमाचल प्रदेश क्रिकेट एसोसिएशन की तरफ से प्रदेश स्तरीय अंडर-14 क्रिकेट टीम के चयन को लेकर ट्रायल प्रक्रिया का आयोजन किया गया। इस मौके पर हिमाचल प्रदेश क्रिकेट एसोसिएशन के संयुक्त सचिव विशाल शर्मा मुख्य रूप से पहुंचे थे। जबकि उनके साथ जिला क्रिकेट संघ के अध्यक्ष मदन पुरी और विभिन्न क्रिकेट कोच और एक्सपर्ट्स अभी मौजूद रहे। ट्रायल प्रक्रिया में भाग लेने के लिए हिमाचल प्रदेश भर से करीब 260 क्रिकेट खिलाड़ी जिला मुख्यालय पहुंचे थे। इस मौके पर जानकारी देते हुए हिमाचल प्रदेश क्रिकेट संघ के संयुक्त सचिव विशाल शर्मा ने कहा कि भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड की ओर से उत्तर भारत की अंडर-14 क्रिकेट प्रतियोगिता का आयोजन किया जा रहा है। इस प्रतियोगिता में भाग लेने के लिए हिमाचल प्रदेश की क्रिकेट टीम का चयन किया जा रहा है। उन्हें कहा कि प्रदेश भर से 260 खिलाड़ी ट्रायल प्रक्रिया में अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन कर रहे हैं। क्रिकेट के कोच और एक्सपर्ट्स की ओर से प्रतिभा के आधार पर टीम में खिलाड़ियों को चुना जाएगा।