ऊना जिले के उपमंडल बंगाणा खंड को नशा मुक्त बनाने के लिए प्रशासन अब हर घर में दस्तक दे रहा है। तहसील बंगाणा में कार्यरत बीईईओ हंसराज के मार्गदर्शन में हर घर दस्तक अभियान को आगे बढ़ाने व उपायुक्त ऊना के संदेशपत्र को हर घर के जन-जन तक पहुंचाने की शुरुआत मलांगड़ पंचायत में हुई। नशे के दुष्प्रभावों से बचने व बच्चों की दैनिक गतिविधि पर ध्यान रखने के लिए अभिभावकों से आग्रह किया। हंसराज ने हर घर दस्तक अभियान की अध्यक्षता करते हुए कहा कि युवाओं को नशे से दूर रखने के लिए पंचायत टास्क फोर्स के साथ मिलकर इस अभियान पर काम करेंगे। आने वाले समय में हर पंचायत में प्रशासन के साथ अभियान को आगे बढ़ाएंगे। अभियान को तभी सफल बनाया जा सकता है, यदि समाज का हर एक व्यक्ति आंदोलन में सक्रिय भूमिका निभाए। यदि आपके आसपास कोई नशा करता है या नशा बेचता है तो ऐसे लोगों की जानकारी प्रशासन तक पहुंचाए ताकि युवाओं को नशे के जाल में फंसने से बचाया जा सके। अगर किसी को नशे से संबंधित जानकारी प्राप्त करनी हो अभियान के हेल्पलाइन नंबर 9418064444 पर कॉल कर सकते हैं। नशे का सेवन करने वालों के संबंध में ड्रग फ्री हिमाचल एप पर इसकी जानकारी दे सकता है। अभियान के कार्यक्रम अधिकारी सतपाल रणावत ने पंचायत टास्क फोर्स के सदस्यों से अभियान को सफल बनाने की अपील की। इस अवसर पर अरुण शर्मा, संजीव शर्मा, मोहित शर्मा व पंचायत प्रतिनिधि, महिला मंडल, युवा मंडल, आशा कार्यकर्ता, आंगनबाड़ी कार्यकर्ता सहित अन्य मौजूद रहे।