स्टेट कैडर के विरोध में पटवारियों और कानूनगो की हड़ताल के चलते तहसील व सब-तहसील कार्यालयों में राजस्व कार्य पूरी तरह ठप पड़ गए हैं। इसके कारण न केवल आम नागरिकों को परेशानी हो रही है, बल्कि इस कार्य से जुड़े अर्जी नफीस, टाइपिस्ट, स्टांप पेपर विक्रेता और ऑनलाइन सेवाएं प्रदान करने वाले लोग भी खाली बैठे हुए हैं। हड़ताल पर बैठे कर्मचारी सरकार के फैसले के खिलाफ पूरी तरह लामबंद नजर आ रहे हैं और उन्होंने साफ संकेत दिए हैं कि वे किसी भी हालत में पीछे हटने को तैयार नहीं हैं। घनारी तहसील कार्यालय में हड़ताल पर बैठे पटवारियों और कानूनगों के बीच पहुंचे महासंघ के प्रदेश अध्यक्ष सतीश चौधरी ने स्पष्ट शब्दों में कहा कि वे अपने हकों की लड़ाई के लिए किसी भी हद तक जाने को तैयार हैं।