उपमंडल अंब के तहत बड़ूही-टकारला मुख्य सड़क पर टकारला मेन बाजार के बीचोंबीच बना गहरा गड्ढा लोगों के लिए आफत साबित हो रहा है। इस गड्ढा से होकर गुजरना जहां वाहनों के लिए चुनौती है, वहीं राहगीर और दोपहिया चालक कई बार गिरकर घायल भी हो चुके हैं। प्राप्त जानकारी के अनुसार वर्ष 2021-22 में इस सड़क का निर्माण हुआ था। निर्माण के दौरान जल शक्ति विभाग ने पानी की पाइप इसी सड़क के नीचे डाली थी। बाद में पाइप बंद होने पर उसे ठीक करने के लिए विभाग ने लोक निर्माण विभाग से सड़क खोदने की अनुमति ली और 8000 रुपये शुल्क भी जमा करवाया। लेकिन मरम्मत कार्य की जिम्मेदारी विभाग ने गंभीरता से नहीं निभाई। लोक निर्माण विभाग अंब के कनिष्ठ अभियंता वरिंदर वर्मा ने कहा कि सड़क की रिपेयर की गई थी, लेकिन भारी बारिश के चलते वह दोबारा टूट गई। उन्होंने बताया कि मामला उनके ध्यान में है और जल्द ही इसे ठीक कर दिया जाएगा।