चैत्र नवरात्रि को लेकर श्री चिंतपूर्णी मंदिर में तैयारियां जोरों पर शुरू हो गई हैं। 19 मार्च से शुरू होने वाले नवरात्रि के मद्देनजर मंदिर की भव्य सजावट का कार्य आरंभ कर दिया गया है। मंदिर परिसर को इस बार रंग-बिरंगे और सुगंधित फूलों से सजाया जाएगा, जिससे पूरे मंदिर परिसर में भक्तिमय और मनमोहक वातावरण बनेगा। मंदिर प्रशासन के अनुसार सजावट का कार्य लगातार जारी है और इसे नवरात्रि से एक दिन पहले पूरी तरह से पूरा कर लिया जाएगा, ताकि पहले ही दिन श्रद्धालुओं को माता के दरबार में भव्य और आकर्षक दृश्य देखने को मिले। हर साल की तरह इस बार भी देश-विदेश से हजारों श्रद्धालु माता चिंतपूर्णी के दर्शन के लिए पहुंचेंगे, ऐसे में मंदिर परिसर की सजावट श्रद्धालुओं के लिए विशेष आकर्षण का केंद्र बनेगी। इस बार मंदिर की सजावट में करीब 50 लाख रुपये के रंग-बिरंगे फूलों का इस्तेमाल किया जा रहा है। इन फूलों से मंदिर के मुख्य द्वार, परिक्रमा मार्ग, भवन परिसर और आसपास के क्षेत्रों को विशेष डिजाइन के साथ सजाया जाएगा। फूलों की खुशबू और आकर्षक सजावट के बीच श्रद्धालुओं को मां के दरबार में एक अलग ही आध्यात्मिक अनुभूति होगी। मंदिर के पुजारी अमन कालिया ने जानकारी देते हुए बताया कि इस बार मंदिर की सजावट का कार्य दिल्ली के श्रद्धालु प्रवीण क्वात्रा की ओर से करवाया जा रहा है। प्रवीण क्वात्रा क्वात्रा टेंट हाउस के संचालक हैं और उन्हें पहली बार माता चिंतपूर्णी मंदिर को सजाने का अवसर मिला है। इससे पहले वे वैष्णो देवी मंदिर की सजावट का कार्य भी कर चुके हैं। उन्होंने बताया कि इस बार मंदिर को बेहद भव्य और आकर्षक रूप में सजाने की योजना बनाई गई है। विशेष प्रकार के फूलों और आधुनिक सजावट की तकनीकों का उपयोग करते हुए ऐसा वातावरण तैयार किया जाएगा, जिससे श्रद्धालुओं को माता रानी के दरबार में अद्भुत आध्यात्मिक अनुभव प्राप्त हो सके। नवरात्रि के दौरान मां चिंतपूर्णी के दरबार में भक्ति और श्रद्धा का अद्भुत संगम देखने को मिलता है।