अंब नगर पंचायत में पालतु कुत्तों के टीकाकरण के लिए शिविर का आयोजन किया गया। पशुपालन विभाग के सहयोग से आयोजित शिविर में 100 से अधिक कुत्तों का टीकाकरण किया गया। शिविर में पशुपालन विभाग के अधिकारी डॉ. राकेश शर्मा तथा विशेषज्ञों ने पशुपालकों को उनके पालतू कुत्तों के स्वास्थ्य और देखभाल संबंधी महत्वपूर्ण सुझाव दिए। टीकाकरण के लाभों पर प्रकाश डालते हुए उन्होंने बताया कि यह न केवल पालतू कुत्तों की सुरक्षा के लिए आवश्यक है, बल्कि संक्रामक बीमारियों के प्रसार को रोकने में भी सहायक सिद्ध होता है। लोगों को सलाह दी गई कि वह अपने कुत्तों का नियमित टीकाकरण करवाएं और उनके स्वास्थ्य संबंधी आवश्यक सावधानियों का पालन करें। इस अवसर पर पशुपालन विभाग के उपनिदेशक डॉ. विनय शर्मा ने घोषणा की कि भविष्य में भी ऐसे निशुल्क टीकाकरण शिविरों का आयोजन किया जाएगा, ताकि अधिक से अधिक पशुपालकों को इस योजना का लाभ मिल सके। नगर पंचायत अंब की अध्यक्ष इंदु धीमान ने क्षेत्रवासियों से अनुरोध किया कि जो लोग आवारा कुत्तों को भोजन कराते हैं, वे भी उनका निशुल्क टीकाकरण अवश्य करवाएं, ताकि समुदाय में पशुओं से संबंधित किसी भी स्वास्थ्य समस्या को रोका जा सके। इस अवसर पर नगर पंचायत के पार्षदगण सहित पशुपालन विभाग के डॉ. हरिश जसवाल, फार्मासिस्ट केशव, अमर, पवन और यशमिता भी उपस्थित रहे।