केंद्र सरकार की ओर से मनरेगा अधिनियम में संशोधन कर लागू किए जा रहे विकसित भारत जी राम जी एक्ट को लेकर देशभर में सियासी बयानबाज़ी तेज हो गई है। जहां विपक्षी दल इस अधिनियम को लेकर सवाल खड़े कर रहे हैं, वहीं भारतीय जनता पार्टी इसे ग्रामीण विकास और रोजगार के क्षेत्र में एक बड़ा सुधार बता रही है। इसी कड़ी में शनिवार को जिला मुख्यालय ऊना में आयोजित पत्रकार वार्ता के दौरान भाजपा के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष एवं ऊना विधानसभा क्षेत्र के विधायक सतपाल सिंह सत्ती ने कांग्रेस पर हमला बोला। उन्होंने कहा कि कांग्रेस इस योजना को लेकर जनता को भ्रमित करने का प्रयास कर रही है, जबकि वास्तविकता यह है कि केंद्र सरकार इस अधिनियम को समाप्त नहीं बल्कि और अधिक प्रभावी बना रही है। विधायक ने दावा किया कि नए संशोधन के बाद ग्रामीण क्षेत्रों में रोजगार के अवसर बढ़ेंगे, पारदर्शिता आएगी और विकास कार्यों का दायरा पहले से कहीं अधिक व्यापक होगा।