ऊना जिले में लोकसभा चुनाव तथा दो विधानसभा चुनावों में इस्तेमाल में आने वाली ईवीएम-वीवीपैट मशीनों का पहले चरण का ऑनलाइन रेंडमाइजेशन का कार्य पूरा कर लिया गया है। उपायुक्त कार्यालय के वीडियो कॉंफ्रेंस सभागार में गुरुवार को जिला निर्वाचन अधिकारी एवं उपायुक्त जतिन लाल ने विभिन्न राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों की उपस्थिति में ईवीएम (इलेक्ट्रॉनिक वोटिंग मशीन) एवं वीवीपैट मशीनों (वोटर वैरिफाइड पेपर ऑडिट ट्रेल) रेंडमाइजेशन का कार्य पूरा कराया। रेंडमाइजेशन के बाद जिला निर्वाचन अधिकारी और राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों की मौजूदगी में संबंधित एसडीएम को सौंपा गया। जतिन लाल ने कहा कि अगली रेंडमाइजेशन चुनाव आयोग के पर्यवेक्षकों की उपस्थिति में की जाएगी। ऊना जिले में लोकसभा निर्वाचन तथा दो विधानसभा उपचुनावों के मतदान के लिए 951 ईवीएम तथा 1102 वीवीपैट मशीनें इस्तेमाल में लाई जाएंगी।