विश्व विख्यात शक्तिपीठ चिंतपूर्णी मंदिर में चल रहे चैत्र नवरात्रों के तीसरे दिन भी माता रानी के दरबार में भक्तों की रौनक लगी रही। सुबह तड़के 4:00 बजे मंदिर खुलने के साथ ही माता रानी के दर्शनों को श्रद्धालुओं की लाइनें लगनी शुरू हो गई थीं। मंगलवार को सुबह सवेरे 5:30 बजे माता रानी की आरती की गई। माता रानी के दर्शनों को श्रद्धालु जयकारा लगाते हुए मां के दरबार पहुंच रहे हैं। मंगलवार का दिन होने के कारण श्रद्धालुओं के साथ स्थानीय लोगों ने भी मां के दरबार में हाजिरी लाकर माता रानी का आशीर्वाद लिया। कई श्रद्धालु दंडवत होकर भी माता रानी के दरबार पहुंच रहे हैं। यूपी राज्य से आने वाले श्रद्धालु टूरिस्ट बसों में हिमाचल के शक्तिपीठों की यात्रा कर रहे हैं। चिंतपूर्णी मंदिर में चल रहे नवरात्रों के दौरान श्रद्धालुओं की संख्या में वृद्धि हो रही है, जिससे मंदिर के आसपास के क्षेत्र में भी रौनक बढ़ गई है।