चिंतपूर्णी पुराने बस स्टैंड के पास राधा कृष्ण मंदिर में मंगलवार को दोपहर साढ़े तीन बजे के करीब दो अनजान युवकों ने न सिर्फ मंदिर में चोरी का प्रयास किया बल्कि मंदिर में मौजूद पंडित पर हमला करने की कोशिश भी की, लेकिन ये दो युवक अपने इरादों में सफल नहीं हो पाए। मामला दोपहर के समय का है जब राधा कृष्ण मंदिर में दो अनजान युवक माथा टेकने के बहाने आए और मन्दिर में तैनात पंडित रामचंद्र को प्रसाद चढ़ाने के लिए कहा जब मंदिर के पंडित प्रसाद चढ़ाने के लिए अंदर गए तो ये दोनों युवक भी पंडित के पीछे-पीछे चलने लगे जिस पर पंडित को शक हुआ कि दोनों युवक उसके पीछे आ रहे हैं तो पंडित ने उनको मंदिर के अंदर लगी राधा कृष्ण की मूर्ति के पास आने के लिए मना किया। दोनों युवकों ने पंडित को पकड़ने और उस पर हमला करने की कोशिश की, लेकिन पंडित ने एक युवक को धक्का मारकर नीचे गिरा दिया जिस पर दोनों युवक मौके से फरार हो गए। वहीं, मंदिर की देख रेख का कार्य देखने व मंदिर के मुख्य पुजारी राजपाल कालिया और राजेंद्र कालिया ने बताया कि पुलिस को घटना की सूचना दी गई है मौके पर पुलिस पहुंची है उन्होंने बताया कि राधा कृष्ण की मूर्ति पर लगा पीतल का छत्र गायब है।