सोलन। राजकीय महाविद्यालय सोलन में 15 अगस्त स्वतंत्रता दिवस समारोह की तैयारियां अंतिम रिहर्सल शुक्रवार को हुई। परेड के अंतिम पूर्वाभ्यास में एनएसएस की छात्रा व छात्र इकाई ने भाग लिया। इसके साथ ही एनसीसी, रोवर्स-रेंजर्स तथा फिजिकल एजुकेशन की प्लॉटून भी शामिल हुई। एनएसएस परेड प्रशिक्षक निसर्ग शर्मा के दिशा-निर्देशों में स्वयं सेवकों ने मार्च पास्ट, कदमताल और अनुशासन का विशेष प्रशिक्षण लिया। एनएसएस कार्यक्रम अधिकारी घनश्याम सिंह सोनी ने परेड निरीक्षण के दौरान कहा कि यह पूर्वाभ्यास टुकड़ियों को सशक्त बनाएगा। उन्होंने जोर दिया कि महाविद्यालय के छात्र राष्ट्र सम्मान और तिरंगे की आन-बान-शान में हमेशा अग्रणी रहेंगे। स्वतंत्रता दिवस पर महाविद्यालय की प्राचार्या शिवानी शर्मा मुख्य अतिथि होंगी। वे सुबह ध्वजारोहण करेंगी और परेड की सलामी लेंगी। ध्वजारोहण के बाद महाविद्यालय के सभागार में कार्यक्रम होगा। इसमें देशभक्ति पर आधारित सांस्कृतिक प्रस्तुतियां दी जाएंगी। इन कार्यक्रमों के लिए छात्रों ने विशेष तैयारी की है।