पुलिस जिला बद्दी के तहत नालागढ़ में स्थानीय कबाड़ कारोबारी पर गोली चलाकर जानलेवा हमला करने के मामले में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों को वारदात के करीब आधे घंटे के भीतर गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से दो पिस्तौल, 15 जिंदा कारतूस और वारदात में इस्तेमाल की गई मोटरसाइकिल बरामद की है। पुलिस के अनुसार सोमवार सुबह कबाड़ कारोबारी अपनी दुकान के बाहर मौजूद था। इसी दौरान बिना नंबर प्लेट की मोटरसाइकिल पर सवार दो नकाबपोश युवक वहां पहुंचे। दोनों ने पिस्टल निकालकर कारोबारी पर गोली चला दी। हालांकि गोली कारोबारी को नहीं लगी और वह बाल-बाल बच गया। फायरिंग की घटना के बाद इलाके में हड़कंप मच गया। सूचना मिलते ही बद्दी पुलिस सक्रिय हो गई और आरोपियों की तलाश के लिए अलग-अलग टीमें गठित की गईं। पुलिस अधीक्षक विनोद धीमान के निर्देश पर गठित टीमों ने तकनीकी साक्ष्यों और फील्ड इंटेलिजेंस के आधार पर आरोपियों की तलाश शुरू की। पुलिस ने संभावित मार्गों पर निगरानी बढ़ाते हुए आरोपियों की घेराबंदी की। पुलिस के मुताबिक वारदात के महज आधे घंटे के भीतर दोनों आरोपियों को ढेरोवाल बैरियर के समीप दबोच लिया गया। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान हरियाणा के कैथल निवासी जसप्रीत सिंह (31) पुत्र स्वतंत्र सिंह और पंजाब के संगरूर निवासी मनप्रीत सिंह (20) पुत्र गुरचरण सिंह के रूप में हुई है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से दो पिस्तौल और 15 जिंदा कारतूस बरामद किए हैं। इसके अलावा वारदात में इस्तेमाल मोटरसाइकिल को भी कब्जे में लिया गया है। मोटरसाइकिल पर नंबर प्लेट नहीं लगी थी। पुलिस अब आरोपियों से पूछताछ कर फायरिंग की वजह और इस वारदात के पीछे किसी अन्य व्यक्ति की भूमिका के बारे में जानकारी जुटा रही है। यह भी पता लगाया जा रहा है कि आरोपियों के पास हथियार कहां से पहुंचे। पुलिस अधीक्षक विनोद धीमान ने घटनास्थल का स्वयं निरीक्षण किया और मौके से आवश्यक साक्ष्य जुटाने के निर्देश दिए। पुलिस की प्रारंभिक कार्रवाई में तकनीकी साक्ष्यों और फील्ड स्तर की जानकारी के समन्वय को अहम माना जा रहा है। पुलिस मामले की जांच आगे बढ़ा रही है और आरोपियों से पूछताछ के आधार पर वारदात से जुड़े अन्य पहलुओं को खंगाला जा रहा है।