एसडीएस डीएवी सेंटेनरी पब्लिक स्कूल कुमारहट्टी की चार छात्राओं का चयन स्कूल गेम्स फेडरेशन ऑफ इंडिया (एसजीएफआई) के लिए हुआ है। अंडर-14 वर्ग से पलक्षी, अदिति और सना का चयन किया गया है, जबकि अंडर-19 वर्ग से हंसिका ने जगह बनाई है। यह चयन अखिल भारतीय डीएवी स्कूलिंग राष्ट्रीय खेलकूद प्रतियोगिता में उनके उत्कृष्ट प्रदर्शन के आधार पर हुआ है। स्कूल के खिलाड़ियों ने राष्ट्रीय स्तर की इस प्रतियोगिता में कई पदक जीतकर हिमाचल प्रदेश का प्रतिनिधित्व किया। विद्यालय की प्रधानाचार्य श्वेता ने बताया कि विभिन्न खेल स्पर्धाओं में खिलाड़ियों का प्रदर्शन शानदार रहा। कबड्डी की अंडर-14 बालिका टीम ने रजत पदक हासिल किया। टीम में पलक्षी, सना, अदिति और हिमाक्षी शामिल थीं। वहीं, अंडर-19 बालिका टीम की समृद्धि, हंसिका और अवनी ने भी रजत पदक जीतकर स्कूल का नाम रोशन किया। कराटे प्रतियोगिता में अंडर-14 वर्ग की आर्वी ने स्वर्ण पदक हासिल किया, जबकि इसी वर्ग में रूबी ने रजत पदक जीता। अंडर-17 वर्ग में त्रिशिका राणा और रोहित कुमार ने कराटे में रजत पदक अपने नाम किए। कुश्ती प्रतियोगिता में शिवम सिंह ने अंडर-17 वर्ग में रजत पदक जीता। वहीं, साहिल ठाकुर ने अंडर-19 वर्ग में कांस्य पदक हासिल किया। इसके अलावा शिवांश ने बॉक्सिंग और करण ने वेटलिफ्टिंग की राष्ट्रीय प्रतियोगिता में भाग लिया। विद्यालय प्रबंधन ने खिलाड़ियों की उपलब्धियों पर प्रसन्नता जताई। छात्राओं के एसजीएफआई के लिए चयन को स्कूल और क्षेत्र के लिए महत्वपूर्ण उपलब्धि माना जा रहा है।