यूरोकिड्स प्ले स्कूल में शुक्रवार को हैलोवीन पार्टी का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में नन्हे-मुन्ने बच्चे शैतान और चुड़ैलों की वेशभूषा में सजकर पहुंचे। अलग-अलग डरावने रूपों में तैयार होकर आए बच्चों ने पार्टी से जुड़ी प्रस्तुतियां दीं और पूरे उत्साह के साथ गतिविधियों में हिस्सा लिया। बच्चों ने अपने साथियों को अनोखी वेशभूषा में देखकर कार्यक्रम का खूब आनंद लिया। स्कूल परिसर में आयोजित इस पार्टी में बच्चों की भागीदारी और उत्साह देखने लायक रहा। स्कूल की प्रधानाचार्य सीमा बहल ने बताया कि इस तरह के आयोजनों का उद्देश्य बच्चों के मन से शैतान और चुड़ैलों जैसी डरावनी कल्पनाओं का भय दूर करना है। जब बच्चे अपने साथियों को भी ऐसी वेशभूषा में देखते हैं तो उनके मन में इन रूपों को लेकर डर कम होता है। इससे उनमें मौजूद नकारात्मक भावों को दूर करने में भी मदद मिलती है। कार्यक्रम में उद्वेक्षा, गौरिक और आराध्या सहित कई बच्चों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।