धर्मपुर बाजार स्थित श्री लक्ष्मी नारायण मंदिर का 65वां स्थापना दिवस श्रद्धा और भक्ति के साथ मनाया गया। इस अवसर पर मंदिर समिति की ओर से 24 घंटे के रामचरितमानस पाठ का आयोजन किया गया। कार्यक्रम के दौरान मंदिर में सुबह से पूजा-अर्चना, भगवान के भजन और रामायण पाठ का क्रम चलता रहा। आयोजन के दूसरे दिन महिलाओं ने विधि-विधान से हवन किया, जिसके बाद भजन-कीर्तन प्रस्तुत कर भक्तिमय वातावरण बनाया। मंदिर के पुजारी त्रिभुवन पांडे ने बताया कि स्थापना दिवस के उपलक्ष्य में दो दिनों से धार्मिक कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। सुबह से ही मंदिर में श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ी रही और लोगों ने पूजा-अर्चना कर सुख-समृद्धि की कामना की। मंदिर समिति के आयोजक महेन्द्र सिंगला ने बताया कि लक्ष्मी नारायण मंदिर की स्थापना करीब 65 वर्ष पहले हुई थी। मंदिर का स्थापना दिवस हर वर्ष धार्मिक कार्यक्रमों और भजन-कीर्तन के साथ मनाया जाता है।