पीएम श्री राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला (सीबीएसई), अर्की में 19 वर्ष से कम आयु वर्ग की छात्राओं की राज्य स्तरीय सांस्कृतिक प्रतियोगिता के दूसरे दिन भी मुकाबले जारी हैं। प्रतियोगिता में प्रदेश के 12 जिलों की 400 से अधिक छात्राएं भाग ले रही हैं। आयोजन में छात्राएं विभिन्न सांस्कृतिक विधाओं में अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन कर रही हैं। प्रतियोगिता के पहले दिन आयोजित मुकाबलों में सोलन जिले का दबदबा रहा। भाषण प्रतियोगिता में सोलन की एंजल पेजटा ने प्रथम स्थान हासिल किया। सिरमौर जिले के अंबोया की हर्षिता ठाकुर दूसरे और शिमला जिले के रामपुर की वंदिता जोशी तीसरे स्थान पर रहीं। वाद्य यंत्र प्रतियोगिता में सोलन जिले की टीम ने पहला स्थान हासिल किया। शिमला जिले की टीम दूसरे और चंबा जिले की टीम तीसरे स्थान पर रही। प्रतिभागियों ने अपनी प्रस्तुतियों से निर्णायकों के सामने अपनी सांस्कृतिक और संगीत प्रतिभा का प्रदर्शन किया। लोकनृत्य प्रतियोगिता में भी सोलन जिले की टीम प्रथम स्थान पर रही, जबकि शिमला जिले की टीम ने दूसरा स्थान हासिल किया। प्रतियोगिता में छात्राओं की प्रस्तुतियों के माध्यम से प्रदेश की लोक संस्कृति और पारंपरिक कलाओं की झलक देखने को मिल रही है। राज्य स्तरीय प्रतियोगिता के दूसरे दिन भी विभिन्न विधाओं में मुकाबले जारी हैं। प्रतियोगिता में शामिल छात्राओं के प्रदर्शन और परिणामों पर सभी की नजरें टिकी हैं।