ददाहू (सिरमौर)। गुरु पूर्णिमा के पावन अवसर पर बुधवार शाम को पवित्र रेणुका झील के तट पर भव्य संध्या कालीन महाआरती का आयोजन किया गया। इस धार्मिक अनुष्ठान में प्रशासनिक अधिकारियों, मंदिर बोर्ड के पदाधिकारियों और स्थानीय व्यक्तियों सहित सैकड़ों श्रद्धालुओं और संत-महात्माओं ने हिस्सा लिया। शंख और घंटियालों की मधुर ध्वनि के बीच आयोजित इस महाआरती से पूरा रेणुकाजी तीर्थ क्षेत्र भक्तिमय हो उठा, जबकि देवलघाट पर शुद्ध घी के सैकड़ों दीपकों ने अपनी अनुपम छटा बिखेरी।भगवान परशुराम मंदिर के पुजारी देवा रमेश कपिल और पंडित रविदत्त शर्मा ने मंत्रोच्चारण के साथ महाआरती की रस्म को विधिवत संपन्न करवाया। इस पावन अवसर पर ददाहू के तहसीलदार जय सिंह ठाकुर, एसएचओ प्रियंका चौहान, रेणुका विकास बोर्ड के सीईओ भरत सिंह ठाकुर, रेणुका बांध परियोजना के एजीएम दिनेश शर्मा, एनडीआरएफ के इंस्पेक्टर अभिमन्यु, बोर्ड सदस्य इंद्र प्रकाश गोयल और रणदीप सिंह विशेष रूप से उपस्थित रहे।