शहर के एग्रीकल्चर कॉलोनी क्षेत्र के समीप मंगलवार देर रात जंगल में भीषण आग लग गई। आग की चपेट में आने से बड़ी मात्रा में वन संपदा जलकर राख हो गई। सूचना मिलते ही दमकल विभाग की टीम मौके पर पहुंची और करीब तीन घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। जानकारी के अनुसार देर रात एग्रीकल्चर कॉलोनी और वार्ड नंबर-दो से सटे जंगल क्षेत्र में अचानक आग भड़क उठी। तेज हवा चलने के कारण आग तेजी से फैल गई और चीड़ की सूखी पत्तियों ने आग को और भड़का दिया। इससे आग पर नियंत्रण पाने में दमकल कर्मियों को काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ा। आग लगने की घटना से क्षेत्र में कुछ समय के लिए अफरा-तफरी का माहौल बना रहा। दमकल विभाग की टीम ने लगातार प्रयास कर आग को रिहायशी क्षेत्र की ओर बढ़ने से रोक दिया। हालांकि आग से जंगल का काफी हिस्सा प्रभावित हुआ है। स्टेशन फायर ऑफिसर राम कुमार ने घटना की पुष्टि करते हुए बताया कि सूचना मिलते ही दमकल विभाग की टीम मौके पर पहुंच गई थी और करीब तीन घंटे में आग पर काबू पा लिया गया।