तंबाकू मुक्त युवा अभियान के अंतर्गत नागरिक चिकित्सालय राजगढ़ में एक दिवसीय कार्यशाला का आयोजन किया गया। इसकी अध्यक्षता खंड चिकित्सा अधिकारी डॉ. उपासना शर्मा ने की । कार्यशाला में डॉ. सिम्मी शर्मा, सामुदायिक स्वास्थ्य अधिकारी अभिषेक और खंड राजगढ़ के अंतर्गत चिकित्सा अधिकारियों, सामुदायिक अधिकारियों समेत खंड राजगढ़ के पंचायत सचिव व संस्थानों से आए विभिन्न शिक्षण शिक्षकों ने भाग लिया। बीएमओ डॉ. उपासना शर्मा ने बताया कि इस अभियान का मुख्य उद्देश्य युवा पीढ़ी को तंबाकू के हानिकारक प्रभावों से बचाना और एक तम्बाकू मुक्त वातावरण बनाना है। इसका संचालन स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण विभाग की ओर से किया जा रहा है। यह 60 दिवसीय अभियान 8 दिसंबर तक चलेगा। तंबाकू के खतरे के बारे में जागरूकता फैलाना, स्कूलों, कॉलेजों और पंचायतों को तम्बाकू मुक्त बनाना, कोटपा अधिनियम 2003 को लागू करना और उसका पालन सुनिश्चित करना, सोशल मीडिया के माध्यम से जागरूकता फैलाना इस अभियान की मुख्य योजनाएं हैं। इस दौरान बैठक में मौजूद सभी अधिकारियों, कर्मचारियों को शपथ भी दिलाई गई।