औद्योगिक क्षेत्र कालाअंब को त्रिलोकपुर से जोड़ने वाली मुख्य सड़क इन दिनों बदहाल स्थिति में है। जगह-जगह गड्ढे, उखड़ी हुई परत और असमतल सड़क के कारण उद्यमियों, स्थानीय ग्रामीणों और उद्योगों में कार्यरत कामगारों को रोजाना भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। यह सड़क न केवल औद्योगिक गतिविधियों के लिए अहम है, बल्कि प्रसिद्ध शक्तिपीठ माता बालासुंदरी मंदिर त्रिलोकपुर आने वाले श्रद्धालुओं की दैनिक आवाजाही का प्रमुख मार्ग भी है। स्थानीय लोगों और उद्यमियों में अमन सिंगला, मनोज गर्ग, रमेश गोयल, हर्ष कांसल, नवीन कुमार, रजनीश और दिनेश कुमार ने बताया कि त्रिलोकपुर सड़क की खराब दशा के कारण माल ढुलाई में समय और लागत दोनों बढ़ रही हैं। लोक निर्माण विभाग के कनिष्ट अभियंता बाबू राम ने बताया कि त्रिलोकपुर सड़क पर रुचिरा उद्योग और सागर कत्था के पास टाइलें लगाने का कार्य प्रस्तावित है। इसके लिए निविदाएं आमंत्रित की गई हैं और प्रक्रिया पूरी होते ही कार्य शुरू कर दिया जाएगा। उन्होंने बताया कि टाइलें लगने से सड़क की गुणवत्ता में सुधार होगा और स्थाई रूप से लोगों को राहत मिलेगी।